ब्यावर के राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक स्कूल में जवाजा ब्लॉक के समस्त प्रधानाचार्यों की ब्लॉक निष्पादन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कविता मौर्य ने बैठक की अध्यक्षता की। अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र और हर्षवर्धन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान, वर्तमान सत्र में सेवानिवृत्त हो रहे प्रधानाचार्य संतोष सिंह चौहान और सुनील कुमार व्यास को सम्मानित किया गया। उन्हें माला, साफा और स्मृति पत्र भेंट कर उनके योगदान को सराहा गया। वर्तमान वाक्पीठ संगोष्ठी अध्यक्ष रमेश चंद्र दाधीच ने अपनी आगामी सेवानिवृत्ति की सूचना दी और नए अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष के मनोनयन का प्रस्ताव रखा। सर्वसम्मति से राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल कोटड़ा के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रजापति को वाक्पीठ संगोष्ठी का अध्यक्ष चुना गया। राजकीय जैन गुरुकुल उच्च माध्यमिक स्कूल ब्यावर के प्रधानाचार्य परमेश्वर सिंह को कोषाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया। सदन ने करतल ध्वनि से इस मनोनयन का स्वागत किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कविता मौर्य ने नव मनोनीत पदाधिकारियों का माला पहनाकर स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। बैठक में पटेल प्रधानाचार्य रोहित जैन, गुरुशरण गोयल, नेमीचंद यादव, विमला चौहान, प्रकाश बोहरा, नंदकिशोर गर्ग सहित जवाजा ब्लॉक के सभी प्रधानाचार्य उपस्थित थे। वर्तमान अध्यक्ष रमेश चंद्र दाधीच ने नए अध्यक्ष राजेंद्र प्रजापति को जल्द ही कार्यभार सौंपने का आश्वासन दिया। बैठक का संचालन रमेश चंद्र दाधीच ने किया।