राजस्थान के उत्तर-पश्चिम जिलों में घना कोहरा रहा। इससे बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, नागौर समेत कई जिलों में दिन का पारा 5-7 डिग्री तक गिर गया। उत्तरी हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में भी मामूली गिरावट हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में आज भी उत्तर-पश्चिमी जिलों में हल्के से मध्यम और कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की आशंका जताई है। साथ ही उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राज्य में अगले कुछ दिन में पारा और गिरने की संभावना है, जिससे राज्य में सर्दी बढ़ेगी। पिछले 24 घंटे के दौरान जैसलमेर, बीकानेर, जोधपुर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं के एरिया में घना कोहरा रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री ऊपर घना कोहरा रहने और उत्तरी हवाएं कमजोर होने के कारण राज्य के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हो रहे है, जिसके कारण इन दिनों शहरों में सुबह-शाम की सर्दी थोड़ी कम है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ऊपर दर्ज हुआ। मंगलवार को सबसे कम रात का तापमान हिल स्टेशन माउंट आबू में 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
