राजस्थान में चल रही बर्फीली हवाओं से ठंड और बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत उत्तर-मध्य भारत में भी इसका असर दिखाई दे रहा है। प्रदेश में रविवार को ​सीजन का सबसे ठंडा दिन और ठंडी रात रही। हिल स्टेशन माउंट आबू में भी लगातार तीसरे दिन तापमान शून्य पर दर्ज हुआ। जयपुर, सीकर, पिलानी (झुंझुनूं), झुंझुनूं में रविवार को सीजन की सबसे सर्द रात रही। सात शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ, जबकि दिन में रविवार को 18 शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। कोटा-बारां में दिन में रात जैसी गलनभरी सर्दी रही। इन शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने कहा कि राजस्थान में अगले एक सप्ताह कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी, जबकि जयपुर संभाग के जिलों में 4 दिनों तक कोल्ड-वेव का असर रहेगा। कोटा संभाग में नहीं निकला सूरज, छाया रहा कोहरा
कोटा, भरतपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के अधिकांश जिलों में पिछले 24 घंटे में घना कोहरा छाया रहा। कोटा संभाग में रविवार को पूरे दिन सूरज नहीं निकला। इस कारण कोटा-बारां में दिन का अधिकतम तापमान 13.3 और 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में लोगों को रात जैसी गलनभरी सर्दी महसूस हुई। जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के जिलों में भी यही स्थिति रही। जयपुर ​संभाग के शेखावाटी बेल्ट (सीकर, फतेहपुर,​ पिलानी, झुंझुनूं) में रविवार को तापमान में बड़ी गिरावट हुई। फतेहपुर (सीकर) में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु तक पहुंच गया। इसके कारण खेतों में ओंस की बूंदें जम गई। इन शहरों में कोल्ड-डे रहा
रविवार को कोटा, सीकर, जयपुर, टोंक, भीलवाड़ा, अजमेर, बारां, पाली में कोल्ड-डे रहा। यहां दिन और रात का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री या उससे भी नीचे दर्ज हुआ। जयपुर, सीकर में अधिकतम तापमान 18.5, पिलानी में 18.3, वनस्थली (टोंक) में 17.6, पाली के जवाई बांध के पास 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज इन जिलों में कोल्ड-वेव और कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने सोमवार को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, जयपुर, भरतपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ में घना कोहरा पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है। सीकर, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर और टोंक में कोल्ड-वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 6 जनवरी को धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ जिलों में कोहरा पड़ने का, जबकि चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, जयपुर में कोल्ड-वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 और 8 जनवरी को चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और जयपुर में कोल्ड-वेव चलने का येलो अलर्ट है।