राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के सक्रिय होने से शनिवार से मौसम में बदलाव हुआ। जयपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के क्षेत्रों में बादल छाए। अजमेर में बारिश के साथ कई स्थानों पर ओले गिरे। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने रविवार को 13 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार, फरवरी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है, यानी फरवरी में सामान्य से कम सर्दी रहने की संभावना है। ऐसे में संभावना है कि 14-15 फरवरी यानी दूसरे सप्ताह के बाद से प्रदेश में हल्की गर्मी का दौर शुरू हो सकता है।
अजमेर और जयपुर में में बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान उदयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, बारां समेत कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे। अजमेर और जयपुर में बारिश भी हुई। जयपुर के ग्रामीण एरिया में भी कुछ स्थानों पर देर रात हल्की बूंदाबादी हुई। मौसम के इस बदलाव से पहले शनिवार को जयपुर में हल्की धूप रही और दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अजमेर में अधिकतम तापमान 24.9, बाड़मेर में 28.4, बीकानेर में 25.2, चूरू में 25.1, जैसलमेर में 24.4, कोटा में 24.7 और उदयपुर में 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बादल छाए, न्यूनतम तापमान चढ़ा
वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के असर से बादल छाने के बाद राज्य में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। उदयपुर, चित्तौड़गढ़, कोटा, सीकर, भीलवाड़ा, अजमेर, जयपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 2 से 5 डिग्री चढ़कर डबल डिजिट (10 डिग्री से ऊपर) में दर्ज हुआ। सर्द हवाएं भी कमजोर होने से जयपुर समेत शेखावाटी के एरिया में गलनभरी सर्दी से मामूली राहत रही।
