अमेरिका-इजराइल और ईरान के तनाव का असर अब राजस्थान में दिखने लगा है। तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगा दी है। इससे होटल-रेस्टोरेंट और फैक्ट्रियों का काम प्रभावित हो रहा है। राज्य में कई जगह गैस एजेंसियों पर भीड़ लगी हुई है। जयपुर के गोविंदगढ़ में क्रॉकरी बनाने वाली बोरोसिल कंपनी में LPG सप्लाई ठप होने से उत्पादन रुक गया है। इस कारण कंपनी ने 3 हजार महिला मजदूरों को बुधवार से काम पर नहीं आने के लिए कहा है। उधर, अलवर में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कनेक्शन के नाम पर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी शुरू हो गई है, एजेंसियों पर अचानक बुकिंग चार गुना बढ़ गई है। कॉमर्शियल गैस सप्लाई बंद होने से अजमेर में हजार से ज्यादा होटल-रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं। जयपुर में होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि कॉमर्शियल गैस सप्लाई के चलते यदि कारोबार बंद होते हैं तो पर्यटक भी कम आएंगे। इससे अन्य व्यवसाय भी प्रभावित होंगे। वहीं दो दिन से अलवर में फैक्ट्रियों के लिए कॉमर्शियल गैस सप्लाई बंद हो गई है। घरेलू कनेक्शन वालों को गैस मिल रही है। लेकिन किल्लत का पैनिक बढ़ा तो कुछ लागों ने उज्ज्वला गैस योजना वाले ग्राहकों के जरिए कालाबाजारी शुरू कर दी है। उनके नाम से बुकिंग कराकर बाजार में महंगे दामों में बेचना शुरू कर दिया है। गैस एजेंसी संचालक साफ तौर पर मान रहे हैं कि अब लोग कालाबाजारी कर रहे हैं। वरना रसोई गैस की कमी नहीं है। बराबर पर्याप्त मात्रा में सप्लाई जारी है। पाली में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद कर दी गई है। ऐसे में रेस्टोरेंट, मिठाई शॉप संचालक कोयले की भट्‌टी तैयार करने में जुटे हैं।

You missed