ATS ( एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड) ने आज 28 फर्जी पूर्व सैनिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर सिक्योरिटी एजेंसी के जरिए FCI में नौकरी लगे थे। फर्जी डॉक्यूमेंट जब्त किया गया। नौकरी के बाद 3 से 5 हजार रुपए हर महीने दलाल को कमीशन देते थे। ATS ने फर्जीवाड़े का पता लगने पर मॉक ड्रिल का जाल बिछाकर सभी के डॉक्यूमेंट मांगे थे। इसके बाद फर्जी जवानों को लिस्टेड कर फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के राजस्थान में 31 ठिकानों पर दबिश देकर इन्हें पकड़ा। ATS आरोपियों से पूछताछ के बाद जल्द मामले का खुलासा करेगी। मॉकड्रिल के बहाने सिक्योरिटी गार्ड्स के डॉक्यूमेंट लिए
आईजी (ATS) विकास कुमार ने बताया- फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (FCI) के प्रावधान में 90 प्रतिशत सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती रिटायर्ड सैनिकों की रहती है। ATS को इनपुट मिला था कि इसका फायदा उठाकर कई लोगों ने फर्जी तरीके से खुद को रिटायर्ड इंडियन आर्मी जवान बताकर नौकरी पाई है। इनपुट मिलने के बाद FCI के कोटा, भीलवाड़ा और उदयपुर व बांसवाड़ा के 31 ठिकानों पर दबिश देकर मॉक ड्रिल की बात कहकर सभी सिक्योरिटी गार्ड्स को इकट्ठा किया गया। सभी से इंडियन आर्मी से जुड़े डॉक्यूमेंट लिए गए। डॉक्यूमेंट की जांच करने के बाद 28 फर्जी जवानों की लिस्ट बनाई गई। इसके बाद सभी को गिरफ्तार किया। हर महीने दलाल को देते थे कमीशन
पकड़े गए फर्जी जवान करीब 3-4 साल से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे। आर्मी के फर्जी डॉक्यूमेंट बनवाने के लिए 30 से 50 हजार रुपए प्रति व्यक्ति खर्च किया गया था। FCL में 21 हजार से ज्यादा सैलरी में नौकरी लगे थे। जॉब लगने के बाद प्रति महीने सैलरी में से 3 से 5 हजार रुपए कमिशन के दलाल को दिया करते थे। ATS को इस तरीके से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी पाने वालों का आंकड़ा ज्यादा होने का अनुमान है। इस फर्जीवाड़े की गैंग का जल्द खुलासा होगा। ATS की ओर से कुल 3 प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। ATS ने इनको किया गिरफ्तार
एटीएस ने बहादुर सिंह भाटी, नरेन्द्र सिंह नटवर, रामप्रसाद मीना, यशपाल सिंह, कालू सिंह, भोलूराम, राजेश सिंह, गोपाल सिंह, हिम्मत सिंह, विजय सिंह, पप्पू सिंह, कुमेर सिंह, सुमेर सिंह, अतरूप सिंह, हिम्मत सिंह, चंद्रप्रकाश मीना, रामसमुझ यादव, देवेन्द्र सिंह, रघुनंदन सिंह हाडा, महेन्द्र कुमार मीना, सियाराम मीना, हरिचरण मीना, महेश, राजहंस, दिनेश सिंह, गजेंद्र सिंह, मोहन सिंह और राजू सिंह भाटी को अरेस्ट किया है।