मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में अगले 3-4 दिनों तक तेज ठंड और शीतलहर चलने की आशंका जताई है। साथ ही, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम कड़ाके की ठंड पड़ने से ग्रामीण इलाकों में पाला जमना शुरू हो गया है। बर्फीली हवाओं के कारण राजस्थान में पिछले 2 दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सीकर, जयपुर, नागौर समेत कई शहरों में तापमान में दो दिनों में 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को सीकर में कई जगह बर्फ जमी नजर आई। फतेहपुर में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया तापमान शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, चूरू, झुंझुनूं के अलावा नागौर, अलवर, करौली, धौलपुर, भरतपुर के इलाकों में शीतलहर का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और उनके आसपास के जिलों में आसमान में ऊंचाई पर हल्के बादल छाए रहे। सीकर, जयपुर, झुंझुनूं, अलवर समेत कई शहरों में सुबह-शाम के साथ दिन में भी हल्की ठंडी हवाओं का असर रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान सीकर के पास फतेहपुर में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहपुर, सीकर, गंगानगर, नागौर के ग्रामीण इलाकों में गलन भरी सर्दी रही। यहां खेतों में ओस की बूंदें जम गईं। इस सीजन का सबसे कम तापमान गुरुवार को राजधानी जयपुर समेत कुछ शहरों में सर्दी के इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। जयपुर में कल न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस, नागौर में 1.9, सीकर में 3, कोटा में 8.2, बारां में 5.8, फतेहपुर में 1.6, करौली में 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये इन सभी शहरों का कल सीजन का सबसे कम तापमान था। दिन में भी सर्द हवा का असर, पारा 30 डिग्री से नीचे राज्य में ठंडी हवाओं का असर इतना तेज है कि दिन में तेज धूप रहने के बावजूद लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक भी नहीं पहुंच रहा है। कल दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज किया गया। जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
