राजस्थान में नए साल (2026) पर बारिश की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। रविवार को बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और फलोदी को छोड़कर बाकी सभी जिलों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 1 जनवरी को 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है। जोधपुर, बीकानेर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में शनिवार को दिन में हल्के बादल भी छाए रहे। शनिवार को जयपुर, दौसा, उदयपुर, करौली सहित 6 शहरों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने राज्य में आज (सोमवार) और कल (मंगलवार) मौसम इसी तरह रहने का अनुमान जताया है। इन जिलों में छा सकते हैं बादल
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- एक नए मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के कुछ भागों में बादल छा सकते हैं। साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश या मावठ होने की संभावना है। इस दौरान 31 दिसंबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिलों में बादल छा सकते हैं। 1 जनवरी को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और अलवर में बादल छाने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। सीकर का फतेहपुर और करौली सबसे ज्यादा ठंडा
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, बीकानेर, उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में कड़ाके की सर्दी रही। सबसे ठंडे इलाके फतेहपुर (सीकर) और करौली रहे। यहां का न्यूनतम तापमान क्रमशः 2.1 और 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को पाली में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 3.5, दौसा में 3.9, लूणकरणसर में 4.6, अलवर में 5, पिलानी में 5.8, बारां में 5.1, सिरोही में 5.5, चूरू में 5.4, जालोर में 5.9, झुंझुनूं, उदयपुर में 6.8, चित्तौड़गढ़ में 6.2, भीलवाड़ा में 6.4, अजमेर में 6.8, कोटा में 7.6, श्रीगंगानगर में 7.5, जयपुर में 8.5, जोधपुर में 9.2, प्रतापगढ़ में 9.5 और बीकानेर में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सर्दी के कारण ओस की बूंदें जम गईं
हनुमानगढ़, फतेहपुर (सीकर) और सीकर के आसपास कड़ाके की सर्दी के कारण ओस की बूंदें जम गईं। इन इलाकों में पाला पड़ना शुरू हो गया है। शनिवार को दौसा, भीलवाड़ा, जयपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और करौली में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज हुआ। बादल छाए, लेकिन सर्द हवाएं तेज
रविवार को पश्चिमी विक्षोभ का असर रहा। इसकी वजह से जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, बीकानेर, बाड़मेर, हनुमानगढ़, चूरू समेत कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाए, लेकिन सर्द हवाओं का प्रभाव तेज रहा। इस कारण अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।
