राजस्थान में शुक्रवार को 12 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- 31 जनवरी से एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों (जयपुर, भरतपुर, बीकानेर और कोटा संभाग) के जिलों में बादल छा सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। इस सिस्टम का असर 2 फरवरी तक रहेगा। गुरुवार को सीकर, जयपुर, फतेहपुर, भीलवाड़ा समेत कई शहरों के तापमान में 2 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई। हल्के बादल और धुंध से दिन में धूप कमजोर रहने से दिन में भी सर्दी का असर तेज रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में अधिकांश शहरों में गुरुवार सुबह तक मौसम साफ रहा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के जिलों में धुंध और हल्के बादल छा गए। इससे धूप कमजोर रही और सर्दी का असर तेज रहा। श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, बारां, डूंगरपुर, नागौर, फतेहपुर, करौली, सिरोही, उदयपुर, कोटा, सीकर, पिलानी, जयपुर, अलवर, टोंक, भीलवाड़ा, अजमेर में कल दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। कल दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में दर्ज हुआ। सुबह-शाम गलनभरी सर्दी, पारा 10 डिग्री से नीचे गुरुवार को प्रदेश में सुबह-शाम भी गलनवाली सर्दी रही। हल्की सर्द हवाओं के प्रभाव से कोटा, बाड़मेर, जोधपुर, फलोदी और प्रतापगढ़ को छोड़कर शेष सभी जिलों में न्यूनतम तापमान सिंगल डिजिट यानी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा सर्दी पाली में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
