राजस्थान के फलोदी में भीषण सड़क हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं घायल हैं। बापिणी उपखंड क्षेत्र के मतोड़ा में टेंपो ट्रेवलर खड़े ट्रेलर में घुस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मरने वालों में 4 बच्चे, ड्राइवर और 10 महिलाएं शामिल है। जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रेवलर में सवार सभी लोग देवउठनी एकादशी पर जोधपुर के सूरसागर से कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन करने के लिए गए थे। लौटते समय मतोड़ा थाना क्षेत्र में हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रेवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मरने वाले लोग एक ही मोहल्ले के हैं। मोहल्ले में अन्नकूट कार्यक्रम के कारण कई महिलाओं ने तीर्थ यात्रा पर जाने से इनकार कर दिया था। इसके कारण उनकी जान बच गई। हादसे में जान गंवाने वाली सज्जन कंवर को पति ओमप्रकाश ने तीर्थ यात्रा पर जाने से मना किया था, लेकिन वह तीर्थ यात्रा पर गई थी। उनके साथ परिवार के 6 लोगों की भी मौत हुई है। टेंपो ट्रेवलर के परखच्चे उड़े, फंस गए लोग
थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया- शाम करीब 6.30 बजे भारत माला हाईवे पर हादसा हुआ। सड़क पर खड़े ट्रेलर में पीछे से टेंपो ट्रेवलर घुस गया। 2 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। सभी शवों को ओसियां के सरकारी अस्पताल से जोधपुर भेजा गया है। थानाधिकारी ने बताया- हादसे के बाद टेंपो ट्रेवलर में फंसे घायलों और शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उधर, सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजन अपनों की लाशें देख बदहवास हो गए। कई परिजन बेहोश हो गए। ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी महिपाल सारण ने बताया- भारत माला हाईवे पर साइड में लोगों ने छोटे ढाबे खोल रखे हैं। ट्रेलर ढाबे के आगे खड़ा था। पीछे से तेज रफ्तार टेंपो ट्रेवलर अपनी लेन में चल रहा था और तीसरी लेन से आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। देखिए हादसे से जुड़े PHOTOS…