राजस्थान में तेज सर्दी का दौर जारी है। करौली, पाली, फतेहपुर समेत कई शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ है। जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर समेत पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कई जिलों में सर्द हवा चली। तेज सर्दी और हवा के कारण धूप में भी सर्दी से राहत नहीं मिली। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम साफ रहने और इसी तरह की सर्दी रहने का अनुमान जताया है। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के लगभग सभी शहरों में आसमान साफ रहा और दिन में धूप रही। शुक्रवार को सबसे ज्यादा ठंडा दिन सिरोही में रहा, जहां का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उत्तर-पूर्वी राजस्थान में सर्द हवाओं का असर उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के असर से राज्य के उत्तर-पूर्वी राजस्थान के जिलों में सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। सबसे ज्यादा सर्दी करौली में रही, जहां का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस, फतेहपुर में 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।