मौसम केन्द्र जयपुर ने शनिवार को 12 जिलों में ओले-बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार को राजस्थान में कड़ाके की सर्दी और सर्द हवाओं से शुक्रवार को थोड़ी राहत रही। उत्तरी हवा कमजोर रहने से न्यूनतम और दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। जोधपुर, जालौर, पाली, बाड़मेर में शुक्रवार का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। वहीं, दोपहर बाद उदयपुर, कोटा संभाग के एरिया में मौसम में बदलाव हुआ। वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के कारण आसमान में हल्के बादल छाए। पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, अजमेर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के एरिया में शुक्रवार को पूरे दिन आसमान साफ रहा और दिन में तेज धूप रही। दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पाली में दर्ज हुआ। सर्द हवा से मिली राहत उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से भी शुक्रवार को राजस्थान में थोड़ी राहत रही। बीकानेर, गंगानगर, जयपुर, पिलानी, फतेहपुर, दौसा समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सर्द हवाएं नहीं चलने से सुबह-शाम की कड़ाके की सर्दी से भी मामूली राहत रही। आज से बदलेगा मौसम मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- आज से ​एक पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान पर एक्टिव होगा। इस सिस्टम का असर पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के जिलों में 31 जनवरी यानी आज और एक फरवरी को देखने को मिलेगा। इस दौरान उदयपुर, कोटा, जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग के एरिया में बादल छाएंगे और कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इसको देखते हुए कुछ जिलों के लिए ऑरेंज और कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।