नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर अजमेर से है। यहां सवारियों से भरी बस 200 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. 200 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 2 की मौत
अजमेर की पुष्कर घाटी में सवारियों से भरी बस 200 फीट नीचे खाई में गिर गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने कपड़ों से रस्सी बनाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। हादसे के बाद पुष्कर घाटी में लंबा जाम लग गया। पूरी खबर पढ़ें 2. सीएम बोले- कांग्रेस की मानसिकता महिला विरोधी
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- कांग्रेस की मानसिकता महिला विरोधी है। विपक्ष ने ओछी राजनीति के चलते महिलाओं के सपनों पर पानी फेर दिया। इनके मन में डर था कि महिलाएं इनसे आगे नहीं निकल जाएं। इन्होंने विधेयक गिरने के बाद जिस तरह से जश्न मनाया, यह शर्मनाक पल था। पूरी खबर पढ़ें 3. सेंट्रल जेल में गोली लगने से जवान की मौत
जयपुर सेंट्रल जेल में सीने में गोली लगने से RAC जवान की मौत हो गई। वह जेल के बाहर बने अस्थाई बैरक में थे। इस दौरान उनकी सर्विस राइफल से गोली चल गई। आवाज सुनकर बाहर तैनात अन्य जवान दौड़कर अंदर पहुंचे तो जवान लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे। पूरी खबर पढ़ें 4. 8 साल की बच्ची ने रुकवाया दोस्त का बाल विवाह
बूंदी में 8 साल के बच्ची ने अपनी दोस्त का बाल विवाह रुकवा दिया। बच्ची ने चाइल्ड हेल्पलाइन के नंबर पर फोन कर कहा- प्लीज मेरी दोस्त की शादी रुकवा दीजिए, वह अभी बहुत छोटी है। हम साथ खेलते हैं। इसके बाद टीम तुरंत पहुंची उसके दोस्त की शादी रुकवाई। पूरी खबर पढ़ें 5. वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आई सरकारी टीचर
दौसा में वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से सरकारी महिला टीचर की मौत हो गई। टीचर फोन पर बात करते हुए पटरी पार कर रही थीं। इसी दौरान दिल्ली से जयपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गईं। महिला टीचर की बॉडी के कई टुकड़े हो गए। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. पिता-बेटों को बीच सड़क पर लाठी-डंडों से पीटा
जयपुर में 10-15 बदमाशों ने एक कार गैराज में काम कर रहे मालिक पिता-बेटों को लाठी-डंडों से जमकर पीटा। गैराज से गाड़ी बाहर निकालते समय एक कार से टच हो गई थी। इस पर युवक ने अपने साथियों को बुला लिया। बदमाशों ने धमकाया कि तुम्हारा काम तमाम करके ही रहेंगे। पूरी खबर पढ़ें 7. पति-पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार
भीलवाड़ा के मांडल कस्बे में पति-पत्नी ने एक साथ दुनिया को अलविदा कहा। दोनों ने रात को साथ खाना खाया और सो गए। सुबह घर से बाहर नहीं आए तो उनके बेटे को बुलाया। बेटा दीवार फांदकर अंदर गया तो दोनों की मौत हो चुकी थी। उनकी अंतिम विदाई एक ही चिता पर हुई। पूरी खबर पढ़ें 8. डॉक्टर का शव कुएं में मिला, हत्या की आशंका
बांसवाड़ा से प्रतापगढ़ दोस्त की शादी में गए डॉक्टर का शव कुएं में मिला। 4 दिन से लापता डॉक्टर का शव अर्धनग्न हालत में था और शरीर पर चोटों के निशान हैं। कुएं के बाहर मिले शर्ट पर खून के धब्बे थे। डॉक्टर का मोबाइल गायब है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. 80 साल तक के बुजुर्ग जीवनसाथी चुनने पहुंचे
भीलवाड़ा में पहली बार अक्षय तृतीया के मौके पर ‘बुजुर्ग विवाह परिचय सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। इसमें देशभर से 50 से 80 साल के करीब 105 बुजुर्ग अपना पार्टनर चुनने के लिए शामिल हुए। इनमें 24 महिलाएं और 81 पुरुष थे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन
नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम लोकसभा में पारित नहीं होने के मुद्दे को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता 20 अप्रैल को जयपुर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी।
