नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर उदयपुर में हो रही रॉयल वेडिंग से जुड़ी है। अमेरिकी अरबपति बिजनेसमैन रामा राजू मंटेना की बेटी की शादी में शिरकत करने के लिए बॉलीवुड की कई सेलिब्रिटी पहुंचे हैं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें 1. उदयपुर में अमेरिकी अरबपति की बेटी की शादी, डोनाल्ड ट्रम्प के बेटे भी शामिल होंगे
उदयपुर में अमेरिकी अरबपति बिजनेसमैन रामा राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना (एलिजाबेथ) और वामसी गडिराजू की रॉयल वेडिंग हो रही है। पिछोला झील के बीच बने जगमंदिर आइसलैंड पैलेस में 23 नवंबर को शादी होगी। शुक्रवार को बॉलीवुड सेलिब्रिटी माधुरी दीक्षित, शाहिद कपूर, कृति सेनन उदयपुर पहुंचीं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बेटे डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर भी शादी में शिरकत करेंगे। पूरी खबर पढ़ें 2. कंटेनर में ब्लास्ट के बाद आग लगी, युवक जिंदा जला
दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बेकाबू कंटेनर LED पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद कंटेनर में ब्लास्ट हो गया और आग लग गई, जिससे ड्राइवर जिंदा जल गया। हादसा राहुवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर 12 बजे हुआ। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पूरी खबर पढ़ें 3. राजस्थान में बड़ी संख्या में नई ग्राम पंचायतें बनीं
राज्य सरकार ने राजस्थान के सभी 41 जिलों में पंचायत पुनर्गठन और नई पंचायतें बनाने की शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी है। अब पंचायतीराज का नक्शा बदल गया है। लगभग हर पंचायत की सीमाओं में बदलाव हुआ है। इसका स्थानीय राजनीति पर भी असर होगा। पूरी खबर पढ़ें 4. राजस्थान में जबरन धर्म परिवर्तन कराने का पहला केस दर्ज
राजस्थान प्रोहिबिशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन ऑफ रिलीजन एक्ट-2025 में पहला केस दर्ज किया गया है। कोटा में 2 ईसाई मिशनरियों पर धर्मांतरण करवाने और उकसाने का आरोप लगा है। दोनों ने चर्च में हुए धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हिंदू समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं। उन्होंने राजस्थान सरकार को भी ‘शैतान का राज’ बताकर टिप्पणी की थी। पूरी खबर पढ़ें 5. छोटे भाई की शादी से 4 दिन पहले पटवारी की मौत
भरतपुर में छोटे भाई की शादी से 4 दिन पहले पटवारी की एक्सीडेंट में मौत हो गई। वह शुक्रवार दोपहर शादी से जुड़ी तैयारियां देखने के लिए बाइक पर मैरिज गार्डन जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसके साथ दूसरी बाइक पर जा रहा युवक घायल हो गया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें 6. रहस्यात्मक पेंटिंग बनाने वाली मणिका मिस-यूनिवर्स बनने से चूकी
मिस यूनिवर्स-2025 में भारत को रिप्रजेंट करने वालीं श्रीगंगानगर की मणिका विश्वकर्मा का सफर टॉप-30 में जाकर खत्म हो गया। बचपन में सुष्मिता सेन को लाल साड़ी में देखकर ग्लैमर वर्ल्ड की ओर आकर्षित होने वाली मणिका में कई टैलेंट हैं। रहस्यात्मक पेंटिंग बनाने की शौकीन मणिका फिटनेस फ्रीक भी हैं। पूरी खबर पढ़ें 7. अमायरा सुसाइड केस: नीरजा मोदी स्कूल CBSE जांच में दोषी
जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल को अमायरा सुसाइड केस में सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने जांच में दोषी माना है। CBSE की 2 मेंबर वाली कमेटी की रिपोर्ट के बाद स्कूल को गुरुवार को नोटिस भी जारी किया गया है। पूरी खबर पढ़ें 8. कोटा में बिल्डिंग की 9वीं मंजिल से गिरा JEE स्टूडेंट, मौत
कोटा में मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के 9th फ्लोर से गिरने से JEE की तैयारी कर रहे स्टूडेंट की मौत हो गई। स्टूडेंट भोपाल (मध्य प्रदेश) का रहने वाला था। वह दो साल से कोटा में मां के साथ किराए के फ्लैट में रह रहा था। मामला शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे का है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है 9. सांवलिया सेठ को चढ़ाया 500 ग्राम चांदी का घर
उदयपुर के भक्त ने चित्तौड़गढ़ स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में लगभग 500 ग्राम चांदी से निर्मित पारंपरिक शैली का भवन भेंट किया। यह भेंट भक्त ने वर्षों पहले मांगी गई मन्नत पूरी होने पर चढ़ाई। पूरी खबर पढ़ें कल क्या है खास 10. पाली में सिक्किम के राज्यपाल की पोती की शादी
सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर की पोती शनिवार को वैवाहिक बंधन में बंधेंगी। पाली के रणकपुर के लालबाग होटल में हो रहे शादी समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे।
