हनुमानगढ़. पल्लू कस्बे में प्रथम शारदीय नवरात्र को मां ब्रह्माणी के मंदिर में धोक लगाने पैदल आ रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार से आई एक पिकअप जीप ने टक्कर मार दी, जिससे तीन श्रद्धालु युवकों की मौके पर ही मौत हो गई व एक गंभीर घायल हो गया। थाना प्रभारी जगदीश ने बताया कि रावतसर तहसील के किकरालिया गांव से मां ब्रह्माणी के दर्शन करने युवाओं का जत्था रविवार को अलसुबह पैदल रवाना हुआ था। जब जत्था पल्लू-नोहर मेगा हाईवे पर पल्लू से लगभग 16 किलोमीटर दूरी पर झेदासर गांव व माहेला गांव के मध्य पहुंचा तो नोहर की तरफ से तेज रफ्तार से आई एक पिकअप जीप ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी, जिससे तीन युवक अशोक पुत्र राजू उम्र 21 वर्ष, अजय पुत्र हंसराज उम्र 27 वर्ष, मोहित पुत्र कुलदीप उम्र 22 वर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई व एक युवक रुपेश पुत्र दयाराम उम्र 25 वर्ष गंभीर घायल हो गया। सभी मृतक युवक एक ही परिवार के चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं।
