राजस्थान में आज (गुरुवार) 23 जिलों में कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। सीकर, झुंझुनूं, जयपुर समेत 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट है। सर्दी के चलते प्रदेश के 26 जिलों में गुरुवार को भी स्कूलों में छुट्टी रहेगी। जोधपुर के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय सुबह 10 से शाम 4 बजे तक कर दिया गया है। प्रदेश में दिन में भी रात जैसी सर्दी का अनुभव हो रहा है। बुधवार को श्रीगंगानगर में दिन की सर्दी चित्तौड़गढ़ और डूंगरपुर में पड़ने वाली रात की सर्दी के समान रही। राजधानी जयपुर भी शेखावाटी के फतेहपुर (सीकर), पिलानी (झुंझुनूं) और चूरू से ज्यादा ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञों ने राज्य में अगले 4-5 दिनों तक इसी तरह की कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। मौसम केन्द्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को श्रीगंगानगर में दोपहर का अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो चित्तौड़गढ़ के रात के न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और डूंगरपुर के न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस के समान था। पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा के सभी जिलों और उदयपुर, जोधपुर संभाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाया रहा। जयपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में कोहरा इतना घना था कि सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। सुबह से लेकर देर शाम तक कोहरे के बीच कई जिलों में तेज सर्द हवाएं चलीं। श्रीगंगानगर के अलावा बीकानेर में बुधवार को अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस, बारां में 14.3, कोटा में 14.9, भीलवाड़ा और चूरू में 15.5, करौली में 15.6, झुंझुनूं में 16.6, सिरोही में 16.1, पिलानी में 16.7, अलवर में 16.8 और वनस्थली (टोंक) में 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन सभी शहरों में बुधवार को कोल्ड-डे की स्थिति रही।
