राजस्थान में रविवार को 5 जिलों में शीतलहर और 9 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को प्रदेश के तीन शहरों को छोड़कर बाकी सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। माउंट आबू (सिरोही) में लगातार दूसरे दिन (शनिवार) तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेखावाटी और जयपुर संभाग के जिलों में सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक राज्य में तेज सर्दी, शीतलहर और कोहरा रहने की संभावना है। माउंट आबू के बाद फतेहपुर में सबसे ज्यादा सर्दी रही
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो शनिवार को उत्तर-पूर्वी और उत्तर-दक्षिणी जिलों (जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, कोटा और अजमेर के आंशिक जिलों में) में घना कोहरा रहा। कोहरे के साथ ही इन जिलों में कोल्ड-वेव चली और दिन में भी गलन वाली सर्दी रही। माउंट आबू के बाद फतेहपुर (सीकर) में कल सबसे ज्यादा सर्दी रही, जहां का न्यूनतम तापमान (9​ डिग्री तक गिरकर) 2.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। फतेहपुर, सीकर, अलवर के ग्रामीण एरिया में पाला पड़ना शुरू हो गया। सामान्य से 4 डिग्री नीचे आया अधिकतम तापमान
शीतलहर और कोहरे के कारण धूप का असर खत्म सा हो गया है। अधिकांश शहरों में शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे दर्ज हुआ। दिन में सबसे ज्यादा ठंड पिलानी (झुंझुनूं) में रही। यहां अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर, सीकर में अधिकतम तापमान 18-18 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 18.2, कोटा में 17.6, अलवर में 18.5, अजमेर में 18.2, वनस्थली (टोंक) में 18.8, चूरू में 16.9, सिरोही में 17.4, करौली में 16.8, झुंझुनूं में 16, दौसा में 18.9 और उदयपुर में 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक सप्ताह तेज सर्दी रहेगी
मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम ड्राय रहेगा। अगले 2-3 दिन कुछ भागों में सुबह के समय घना कोहरा रहने की संभावना है। साथ ही आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट होने और उत्तरी भागों में शीतलहर का असर रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक नीचे दर्ज होने के कारण कोल्ड-डे (शीत दिन) की संभावना है।