राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी 10 शहरों में तेज सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, मकर संक्रांति बाद से सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई है। वहीं, सोमवार को लगातार दूसरे दिन तापमान माइनस में दर्ज हुआ। 6 शहरों में बर्फ जम गई और 10 से ज्यादा शहरों का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के बाद सर्दी से राहत मिली। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई। माउंट आबू और फतेहपुर में माइनस में तापमान पिछले 24 घंटे का मौसम देखे तो सीकर, चूरू, जैसलमेर, झुंझुनूं, बीकानेर, गंगानगर, फलोदी जिलों में कई स्थानों पर सुबह बर्फ जम गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान सोमवार को माइनस 1 माउंट आबू और माइनस 0.4 फतेहपुर में दर्ज हुआ। झुंझुनूं, लूणकरणसर, दौसा, करौली, सिरोही, नागौर, गंगानगर, चूरू, जैसलमेर, सीकर, पिलानी, अलवर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। धूप निकलने से पारा 5 डिग्री तक चढ़ा कोहरा कम रहने और आसमान साफ होने से सोमवार को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप निकली। हवा कमजोर होने और तेज धूप से पाली, जोधपुर, चूरू, गंगानगर, बीकानेर, सीकर, भीलवाड़ा, अलवर, सिरोही, झुंझुनूं, फतेहपुर समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान में 3 से लेकर 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई। कल दिन में सबसे ज्यादा सर्द इलाका हनुमानगढ़ रहा, जहां का अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान पाली में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 15 जनवरी से बढ़ेगा न्यूनतम तापमान मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राज्य में 15 जनवरी से न्यूनतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी, जबकि दिन के तापमान में भी 1 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव से सुबह-शाम की गलनभरी सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
