UPSC ने सिविल सर्विस एग्जाम 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा के डॉ. अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया टॉप किया है। डॉ. अनुज पहले भी यूपीएससी एग्जाम क्लियर कर चुके हैं। अनुज को 2023 में पहले प्रयास में एसडीएम दिल्ली और केंद्र शासित प्रदेश सेवा आवंटित हुई थी। उन्हें दिल्ली में SDM के पद पर नियुक्ति मिली थी। उन्होंने दिसंबर 2024 में जॉइन किया था। यह उनका तीसरा अटेम्प्ट है। दूसरे प्रयास में यूपीएससी मेंस परीक्षा पास की, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हुआ। अनुज बोले- सफल हो गया तो बहुत आसान लग रहा है
डॉ. अनुज ने कहा- मुझे अगर अभी सफलता नहीं मिलती तो मैं अगले प्रयास की तैयारी कर रहा होता। ये एक प्रोसेस है और उसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। आज मैं सफल हो गया तो बहुत आसान लग रहा है। मैं लोगों से बात कर सीखने की कोशिश करता था। अगर मुझे इंटरव्यू के दौरान किसी गाने के बारे में कहा जाता तो मैंने इसके लिए तैयारी की हुई थी। मैंने ‘मुझको भी तो लिफ्ट करा दे’ गाना सोच रखा था। इंटरव्यू में पूछा था- राजस्थान के इतिहास को किसने प्रसिद्ध किया अनुज अग्निहोत्री ने बताया- मेरा बैकग्राउंड मेडिकल का था। इसलिए इंटरव्यू में मुझसे मेडिकल साइंस से जुड़े सवाल पूछे गए थे। राजस्थान के बारे में भी पूछा गया था। मीरा बाई का संबंध भी चित्तौड़गढ़ से है। इसलिए मुझसे पूछा गया था कि उनके गुरु कौन थे? राजस्थान के इतिहास को किसने प्रसिद्ध किया था? तो मैंने उन्हें जेम्स टॉड के बारे में बताया था। पिता बोले- ये हमारे लिए गर्व की बात है
अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री ने कहा- अनुज की मेहनत है। उस पर परिवार के सभी लोगों का आशीर्वाद रहा है। बेटे ने इतना बड़ा मुकाम हासिल किया है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। अनुज शुरू से ही पढ़ने में बहुत अच्छा था। मां मंजू अग्निहोत्री ने कहा- मैंने तो अनुज के खान पान का ध्यान रखा है। पूरी मेहनत अनुज ने की है। मैं बेटे के कारण कहीं और नहीं जा पाई, पूरा ध्यान उसके ऊपर ही रहा। अनुज ने जोधपुर एम्स से पूरी की MBBS
डॉ. अनुज ने 2023 में जोधपुर एम्स से MBBS पूरी की है। उन्होंने एम्स की ऑल इंडिया मेडिकल परीक्षा में 215वीं रैंक हासिल की थी। डॉ. अनुज के पिता केबी अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर की 1,2 इकाई में कार्यरत हैं। मां मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं। डॉ. अनुज ने रावतभाटा परमाणु ऊर्जा केंद्रीय स्कूल से स्कूल शिक्षा पूरी की। 12वीं में उनके 94 प्रतिशत अंक आए थे। अनुज को टेबल टेनिस खेलना पसंद है। पल-पल का अपडेट पढ़ने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
