राजस्थान में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर राजस्थान प्रीमियर लीग (RPL) भी हो सकती है। प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए ये बड़ा मौका होगा। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की एडहॉक कमेटी इस लीग को सितंबर तक करने का प्लान कर रही है, जिसमें IPL की तरह खिलाड़ियों की बोली लगेगी। एडहॉक कमेटी की बैठक में टूर्नामेंट की विस्तृत कार्य योजना तैयार की जाएगी। अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीम बनाई जाएंगी एडहॉक कमेटी के कन्वीनर मोहित यादव ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से अनुमति लेकर जल्द ही इसके लिए उपयुक्त टाइम स्लॉट बुक किया जाएगा, जिससे इसी साल टूर्नामेंट का सफल आयोजन हो सकें। RCA की कोशिश है कि सितंबर तक राजस्थान प्रीमियर लीग की शुरुआत कर दी जाए। RPL पूरी तरह IPL की तर्ज पर होगा, इसमें अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीम बनाई जाएंगी। खिलाड़ियों की नीलामी की जाएगी और मैचों को बेहतर और आकर्षक बनाया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए अलग-अलग अवार्ड भी दिए जाएंगे। यादव ने बताया कि इस दौरान RCA के चुनाव होते हैं। तब भी एडहॉक कमेटी RPL की तैयारियां इस तरीके से करेगी कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी को आयोजन में किसी तरह की दिक्कत न हो। राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए होगा अवॉर्ड फंक्शन इसके साथ ही RCA राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही एक अवॉर्ड फंक्शन आयोजित करने की योजना बना रही है। इसमें घरेलू और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। अलग-अलग कैटेगरी में दिए जाने वाले इन अवार्ड से युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और क्रिकेट के प्रति उनका उत्साह और बढ़ेगा। RCA की इस पहल को राजस्थान के क्रिकेट ढांचे के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में अगर RPL का सफल आयोजन होता है, तो यह राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का एक मजबूत प्लेटफॉर्म साबित हो सकता है।