राजस्थान की फेमस फूड चेन कान्हा रेस्टोरेंट पर इनकम टैक्स ने छापेमारी की है। सूत्रों के अनुसार 33 अलग-अलग ठिकानों पर आयकर विभाग की टीमों ने रेड की है। कार्रवाई सुबह 7 बजे शुरू हुई थी। दोपहर बाद तक टीमों बैंक खातों, डिजिटल डॉक्यूमेंट्स की जांच में जुटी हुई हैं। जयपुर में 26 ठिकानों पर सर्च कार्रवाई के दौरान टीमों द्वारा बैंक खातों, डिजिटल रिकॉर्ड, नकदी लेन-देन, संपत्तियों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कई अहम फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डाटा भी जब्त किया है। सबसे ज्यादा जयपुर में 26 ठिकानों पर टीमें जांच में जुटी हैं। श्रीगंगानगर, करौली, कोटा, हिंडौन के अलावा मुंबई में भी रेस्टारेंट के ऑफिस व अन्य ठिकानों पर सर्च की जा रही है। वहीं उदयपुर में सिएरा होटल और सन एंड मून रेस्टोरेंट पर आईटी विभाग ने रेड की है। आयकर चोरी की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रेस्टॉरेंट कारोबार से जुड़े बड़े स्तर पर आयकर चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक आंकड़े और कर चोरी की राशि सामने आ सकेगी। उदयपुर में एक होटल और रेस्टोरेंट पर भी आयकर विभाग का छापा
उदयपुर के सिएरा होटल और सन एंड मून रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। सिएरा होटल में 29 कमरे हैं। यहां होटल के बाहर इनकम टैक्स की कारें खड़ी हैं। वहीं अंदर सर्च अभियान और पूछताछ चल रही है। उदयपुर में जगदीश मंदिर के पीछे सन एंड मून रेस्टोरेंट और हरिदास जी मगरी स्थित द सियेरा सॉल रेस्टोरेंट पर आयकर विभाग ने छापा मारा। विभाग की टीमें सुबह यहां अचानक पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि होटल और रेस्टोरेंट के एक ही मालिक हैं। आयकर विभाग के अफसर यहां से विभिन्न खातों की डिटेल, जरूरी दस्तावेज सहित अन्य जानकारी जुटा रहे हैं।
