दिल्ली में अगले माह एआई इंपैक्ट ग्लोबल समिट होगी। इस समिट के सीईओ व मिनिस्ट्री ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टैक्नोलॉजी के एडीशनल सेक्रेटरी अभिषेक सिंह ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि एआई समिट के मायने क्या हैं और कैसे राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के एक्सपर्ट से मिले इनपुट इस समिट का हिस्सा बनने जा रहे हैं। अभिषेक सिंह ने कहा- हर काम में AI इंसान से आगे नहीं है। ज्यादातर मामलों में एआई इंसान की क्षमता बेहतर करता है। यह आने वाले समय के लिए यह वरदान होगा। हमारी इंजीनियरिंग वर्कफोर्स सॉफ्टवेयर दुनिया में आगे एआई पर दुनिया में भारत: हमारी इंजीनियरिंग वर्कफोर्स सॉफ्टवेयर और तकनीक की दुनिया में काफी आगे है। हमारी कंपनियां दुनिया भर में आईटी सेवाएं प्रदान करती हैं। हमारे इंजीनियर दुनिया भर की कंपनियों में काम करते हैं, कई तो उन्हें लीड भी करते हैं। एआई के क्षेत्र में भारत की क्षमता बहुत अधिक है। हमने डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से आधार और UPI जैसे सफल प्रोजेक्ट्स को लागू किया है, जो पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण हैं। एआई के भविष्य में भारत: भारत सरकार ने इंडिया एआई मिशन के तहत राज्यों और इस क्षेत्र में काम करने वाले शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स को समर्थन प्रदान करने का फैसला किया है, ताकि वे एआई के क्षेत्र में अच्छे उत्पाद बना सकें और भारत को इस क्षेत्र में आगे बढ़ाने में मदद कर सकें। एआई के माध्यम से भारत को कई अवसर मिल रहे हैं, जैसे-स्वास्थ्य सेवा में ट्यूबरकुलोसिस, कैटरैक्ट और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी बीमारियों का निदान करना। किसानों को सलाहकार सेवाएं प्रदान करना। छात्रों को एआई ट्यूटर बनाकर देना। उद्योगों में सप्लाई चेन ऑटोमेशन करना। ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर भारत एआई के क्षेत्र में एक प्रमुख शक्ति बनने जा रहा है। एक्सपर्ट व्यू समिट का हिस्सा बनेंगे अभिषेक सिंह ने बताया- दिल्ली में फरवरी में एआई इंपैक्ट ग्लोबल समिट होने जा रहा है। अब तक विकसित देशों में ही ऐसे समिट हुआ करते थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को बताया कि भारत तकनीकी प्रधान देश है। यहां एआई में काफी काम हो रहा है। हमारे युवा एआई का उपयोग ज्यादा कर रहे हैं। इस नैरेटिव के साथ हमने समिट के लिए क्लेम किया। अब फरवरी में अन्य देशों के मुकाबले कहीं बड़े पैमाने पर हम एआई इंपैक्ट समिट कर रहे हैं, जिसे पूरा विश्व देखेगा। इससे पहले हम हर राज्य में जाकर रीजनल एआई इंपैक्ट समिट कर रहे हैं। राजस्थान में की गई रीजनल समिट में अलग-अलग फील्ड के लोगों से बातचीत में जो इनपुट आया है, उसे हम ग्लोबल समिट का हिस्सा बनाने जा रहे हैं।