राजस्थान आईटी कर्मचारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को आईटी मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ से मुलाकात की। यह भेंट महासंघ एकीकृत के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ और राजस्थान आईटी कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष यादव के नेतृत्व में हुई। इस अवसर पर मंत्री राठौड़ ने राजस्थान आईटी कैडर से राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयनित हुए राशि कुमावत, अजय कुमार जाट और देवर्षि शर्मा को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को पूर्व में दिए गए ज्ञापन के संदर्भ में एक तथ्यात्मक रिपोर्ट सहित महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में आईटी कैडर के पुनर्गठन, प्रोग्रामर के लिए पदोन्नति और सीधी भर्ती का अनुपात 80:20 करने, सूचना सहायक का पदनाम कनिष्ठ प्रोग्रामर करने और विभिन्न विभागों में आईटी संवर्ग के पदों की वित्तीय स्वीकृति जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं। इस भेंट के दौरान संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष फगेड़िया, कृष्ण अवतार मीना और मुकेश चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता मनीष फगेड़िया ने बताया कि राजस्थान आईटी कर्मचारी संघ विभाग के कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
