चौथ का बरवाड़ा कस्बे में स्थि होटल सिक्स सेंस फोर्ट से शनिवार शाम को गणगौर की सवारी निकाली गई। इस दौरान गणगौर सवारी में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। साथ ही सामूहिक रूप से पूजा अर्चना भी की। चौथ का बरवाड़ा ग्राम पंचायत की ओर से गणगौर की शाही सवारी का पूरा इंतजाम किया गया। इस दौरान विदेशी पर्यटक भी इस कार्यक्रम को निहारते हुए नजर आए।
हर साल की तरह इस साल भी शाम को गणगौर की सवारी निकाली गई। सबसे पहले महिलाओं ने सामूहिक रूप से गणगौर की पूजा अर्चना की। इस दौरान चौथ का बरवाड़ा सरपंच सीता सैनी के साथ-साथ पंचायत के सदस्य मौजूद रहे। बैंड-बाजे के साथ हाथों में ध्वज एवं पताखा लिए लोगों ने शाही अंदाज के साथ सवारी को निकाला। सवारी गढ़ मोहल्ला होती हुई हवाई गली से जामा मस्जिद के सामने होकर गुजरी। इसके बाद सवारी को चौथ माता सरोवर स्थित तालाब की पाल पर रखा गया। यहां पर आसपास की महिलाओं ने गीत गाकर पूजा अर्चना की। साथ ही कई धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित करवाए। यहां पर तालाब की पाल पर छोटा मेला भी आयोजित किया गया। जहां पर बच्चों ने खिलौने खरीदे। साथ की महिलाएं मांगलिक गीत गाती हुई नजर आई। इसके बाद वापस गणगौर की सवारी गढ़ में पहुंची। जहां पर पूजा अर्चना के साथ सवारी को संपन्न किया गया।
