राजसमंद में पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान ‘आपका मोबाइल आपके हाथ’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत 11 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के अनुसार- पिछले साल CEIR पोर्टल पर दर्ज 2092 शिकायतों पर साइबर सेल और पुलिस थानों की टीमों को सक्रिय किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेन्द्र पारीक के सुपरविजन में विशेष टीमों ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पर एक्टिव मिले उसके बाद मोबाइल की लगातार ट्रैकिंग की और अब तक 978 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा C-DOT के सहयोग से विकसित CEIR पोर्टल 17 मई 2023 से सक्रिय है, जिसके माध्यम से कोई भी नागरिक अपने खोए या चोरी हुए मोबाइल को ब्लॉक, अन ब्लॉक या ट्रेस कर सकता है। राजस्थान पुलिस पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कर इसके बाद CEIR पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। अभियान की सफलता पर पुलिस कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज कर पोर्टल के माध्यम से उसे ब्लॉक कराएं।