भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राघव चड्ढा पर की गई कार्रवाई को लेकर कहा कि आप पार्टी की राजनीति शुरू से ही ‘यू एंड थ्रो’ की रही है। चुघ ने आरोप लगाया कि नेताओं का इस्तेमाल कर पार्टी उन्हें बाद में किनारे कर देती है। चुघ ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका दोहरा चेहरा सामने आया है। आम आदमी पार्टी अब पूरी तरह से एक व्यक्ति केंद्रित पार्टी बन गई है। उन्होंने याद दिलाया कि पार्टी की शुरुआत में आशुतोष, किरण बेदी, एच.एस. फूलका, प्रशांत भूषण और शाजिया इल्मी जैसे प्रमुख चेहरे जुड़े थे, लेकिन अब वे सभी पार्टी से अलग हो चुके हैं। चुघ के अनुसार, यह पार्टी के भीतर लोकतंत्र की कमी को दर्शाता है। रेड कार्पेट संस्कृति फिर से लौटी
भाजपा नेता ने आप पर चुनावी वादे पूरे न करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वीआईपी कल्चर खत्म करने का वादा किया गया था, लेकिन अब लाल बत्ती और रेड कार्पेट संस्कृति फिर से लौट आई है। चुघ ने ‘शीश महल’ मामले का हवाला देते हुए इसे सरकारी धन की बर्बादी करार दिया। राज्य में कानून-व्यवस्था विफल
तरुण चुघ ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। चुघ ने पिछले कुछ महीनों में हुए ग्रेनेड हमलों का जिक्र करते हुए दावा किया कि पंजाब में अपराध और माफिया का प्रभाव बढ़ रहा है। पंजाब में शांतिपूर्ण धरने देगी भाजपा
चुघ ने घोषणा की कि भाजपा इन मुद्दों को लेकर पंजाब में शांतिपूर्ण धरने प्रदर्शन करेगी और सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की चिंताओं का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी अपने आंदोलन को और तेज करेगी।
