जोधपुर में टूरिस्ट वीजा पर घूमने आई यूक्रेन की महिला की शनिवार को मौत हो गई थी। महिला का बुधवार को हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया। मेडिकल बोर्ड ने मंगलवार को महिला का पोस्टमॉर्टम किया था। यूक्रेन निवासी कैतरीना (58) का सिवांची गेट स्थित हिंदू सेवा मंडल स्वर्गाश्रम पर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अंतिम संस्कार किया गया। ये है मामला
जोधपुर में टूरिस्ट वीजा पर घूमने आई यूक्रेन की महिला की मौत हो गई थी। यूक्रेन दूतावास की ओर से प्रतिनिधि नियुक्त करने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर बॉडी सुपुर्द की गई। यूक्रेन निवासी मृतका कैतरीना वर्तमान में 19 सेक्टर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड में गौरव मिश्रा के घर रुकी हुई थी। मृतका इससे पहले भी तीन बार भारत आ चुकी थी। वह इस बार 30 दिन के टूरिस्ट वीजा पर भारत आई थी। हिंदू सेवा मंडल जोधपुर के महामंत्री विष्णु चंद्र प्रजापत और संस्कार मंत्री राकेश गौड़ ने मुखाग्नि दी। प्रजापत ने बताया- 100 वर्षों से अधिक समय से मानव मात्र की सेवा में समर्पित हिन्दू सेवा मंडल जोधपुर हजारों लावारिश मृतकों के साथ ही सात विदेशी पर्यटकों का अन्तिम संस्कार कर चुका है। नींद में ही हो गई थी मौत
कैतरीना 6 दिसंबर की सुबह 8:30 बजे उठी थी। इस दौरान घर में रहने वाली एक बच्ची को गुड मॉर्निंग बोलकर वापस सो गई थी। इसके बाद वह 10:30 बजे तक उठी नहीं। इस पर गौरव उसे लेकर 108 एम्बुलेंस में महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर आए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद गौरव ने कैतरीना के पुत्र ओलंग को सोशल मीडिया के जरिए कॉल कर मौत की जानकारी दी। प्रारंभिक तौर पर सामने आया कि महिला की मौत हार्ट अटैक से हुई। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इसका पूरा खुलासा हो सकेगा। इधर, महिला की मौत के बाद पुलिस ने यूक्रेन के दूतावास की सूचना दी। यूक्रेनी दूतावास की ओर से उनकी बॉडी को लेने के लिए इंडियन फ्यूनरल सर्विस एजेंसी को हायर किया गया था। एजेंसी के प्रतिनिधि की ओर से बॉडी रिसीव की गई। इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। यह खबर भी पढ़ें… टूरिस्ट वीजा पर भारत आई विदेशी महिला की मौत:मुस्लिम प्रतिनिधि को सौंपा क्रिश्चियन का शव, हिंदू रीति-रिवाज से होगा अंतिम संस्कार जोधपुर में टूरिस्ट वीजा पर भारत घूमने आई यूक्रेन की महिला की मौत हो गई। यूक्रेनी दूतावास की ओर से नियुक्त एजेंसी के प्रतिनिधि को मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव सौंप दिया गया। अब क्रिश्चियन महिला का अंतिम संस्कार जोधपुर में हिंदू रीति-रिवाज से किया जाएगा। (पूरी खबर पढ़ें)