डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना भादर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर एक की है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। धंबोला थाने के सब इंस्पेक्टर सकाराम परमार ने बताया कि मनीषा सैंगाड़ा (19) ने रविवार सुबह अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मृतका के पिता ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था। इस दौरान ग्राम पंचायत भादर के सरपंच विनोद कटारा और उप सरपंच सुरेश ताबियाड़ सहित कई ग्रामीण भी मौके पर मौजूद थे। शुरुआत में परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया था, जिससे कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद परिजन सहमत हो गए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीमलवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। मृतका के भाई जयंतीलाल पुत्र रामा सैंगाड़ा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट में किसी पर भी संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
