चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र में बिसाऊ रोड पर एक युवक से मारपीट और बाइक तोड़फोड़ के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना के एएसआई राजू सिंह ने बताया कि वार्ड 24 निवासी विजय प्रजापत (33) ने 14 मार्च 2026 को कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया था। अपनी रिपोर्ट में विजय ने बताया कि वह अपनी बाइक से सीमेंट के कट्टे लेने चाचा के घर जा रहा था। विजय के अनुसार, जब वह सीमेंट के कट्टे लेकर लौट रहा था, तभी विनोद वहां पहुंचा और उसकी बाइक को नुकसान पहुंचाया। विनोद ने विजय प्रजापत के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और सीमेंट के कट्टे भी वापस गिरा दिए। आरोप है कि आरोपी ने उस पर पत्थरों से हमला करने का भी प्रयास किया और उसकी बाइक तोड़ दी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विजय को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। पुलिस ने इस संबंध में बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच एएसआई राजू सिंह को सौंपी गई थी। कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
