बूंदी पुलिस ने देई थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हमला 5 फरवरी 2026 को हुआ था, जिसमें रामफूल मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस लंबे समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी। जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी नैनवा राजूलाल के पर्यवेक्षण में देई थानाधिकारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। 25 मार्च 2026 को आरोपियों को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।फरियादी रामबाबू पुत्र भैंरुलाल मीणा (32), निवासी मोडसा ने 4 मार्च 2026 को देई थाने में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 5 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे रामबाबू के रिश्तेदार रामफूल पुत्र रामचंद्र मीणा, जो बावड़ी का झोंपड़ा (मोहब्बतपुरा) से देई गांव आया था, को रावण चबूतरे के पास रास्ते में रोक लिया गया। आरोपियों में हंसराज पुत्र लालाराम मीणा, शैतान पुत्र राजाराम मीणा, सोनू मीणा पुत्र रामनिवास सहित दो अन्य व्यक्ति शामिल थे। उन्होंने रामफूल की बाइक रोकी और लोहे की पम्पी, सरिया, लकड़ी व कुल्हाड़ी से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में रामफूल के सिर में गंभीर चोटें आईं और वहब बेहोश होकर खून से लथपथ हो गए। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। परिजनों ने रामफूल मीणा को देई अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें बूंदी रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हंसराज, सोनू, शैतान सिंह, प्रधान और कालूराम के रूप में हुई है।