जैसलमेर के सांकड़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने हथियारों के दम पर बच्चों के साथ घर लौट रहे युवक को किडनैप कर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर तोड़ दिए और धारदार हथियार से नाक काट दी। ग्रामीणों के पीछा करने पर घायल युवक को सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को सांकड़ा से पोकरण और फिर जोधपुर रेफर किया गया। पुलिस ने घायल के बयानों के आधार पर उसके ही गांव के 6-7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे राजगढ़-खेलाना सरहद के पास की है। बच्चों के साथ घर लौट रहा था युवक, बदमाशों ने पीछा कर गाड़ी रुकवाई सांकड़ा थाना अधिकारी राण सिंह सोढा ने बताया- राजगढ़ निवासी जमाल खान (27) पुत्र फरीद खान बुधवार शाम करीब 7 बजे अपनी कैम्पर गाड़ी में तीन बच्चों के साथ भैंसड़ा से गांव लौट रहा था। इसी दौरान दो गाड़ियों में आए बदमाशों ने उसका पीछा किया और गाड़ी रुकवा ली। इसके बाद उसे बंदूक की नोक पर अपनी गाड़ी में डालकर अपहरण कर लिया। सुनसान जगह ले जाकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला SHO राण सिंह सोढा ने बताया – बदमाश जमाल खान को राजगढ़-खेलाना सरहद की ओर सुनसान जगह पर ले गए। वहां आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उस पर जानलेवा हमला किया। मारपीट में युवक के हाथ-पैर तोड़ दिए गए और धारदार हथियार से उसकी नाक काट दी गई। ग्रामीणों को आवाज सुनाई दी तो घायल को सड़क किनारे छोड़ भागे थानाधिकारी के अनुसार, घटना के दौरान वहां से गुजर रहे ग्रामीणों को रोने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। शक होने पर ग्रामीणों ने बदमाशों की गाड़ियों का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी जमाल को लहूलुहान हालत में सड़क किनारे फेंककर गाड़ियों से भाग गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को सांकड़ा अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में जोधपुर रेफर SHO राण सिंह सोढा ने बताया – सांकड़ा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जमाल खान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पोकरण रेफर किया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे जोधपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुरानी रंजिश में हमला, 6-7 लोगों पर नामजद केस थानाधिकारी राण सिंह सोढा के अनुसार, घायल जमाल खान के बयानों के आधार पर उसके ही गांव राजगढ़ के 6-7 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है। SHO ने जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।
