लोगों को रोडवेज की बसों के लिए अब स्टॉपेज पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उन्हें बसें निरंतर और कम समय में उपलब्ध हो सकेंगी। इसके लिए रोडवेज प्रशासन बेड़े में करीब 750 नई बसें लेने जा रहा है। इसमें से 445 बसें एक्सप्रेस, 127 नॉन एसी, 100 एसी, 50 स्लीपर नॉन एसी और 25 एसी स्लीपर शामिल हैं। ये सभी बसें अनुबंध पर होंगी। इसके लिए रोडवेज की ओर से टेंडर जारी कर दिया गया है। इन बसों के आने के बाद रोडवेज बेड़े में कुल 4 हजार बसें हो जाएंगी। कांग्रेस सरकार में बसों की खरीद नहीं होने से अनुबंध और सरकारी बसों की संख्या घटकर 2500 रह गई थी। नई बसें आने के बाद प्रदेश के कई रूटों पर यात्रियों को रोडवेज बसों की सुविधा मिलेगी। रोडवेज बेड़े में बीजेपी के दो साल के कार्यकाल में 1912 बसें शामिल हुईं। इसमें से 750 बसें अभी आना बाकी हैं। दो साल में रोडवेज में 798 एक्सप्रेस, 12 सुपर लग्जरी बसें खरीदी गईं। वहीं, 1102 बसें अनुबंध पर ली गईं। इसमें 352 बसें अनुबंध आ चुकी हैं। इसके अलावा रोडवेज ने दो साल में 60 से 80 वर्ष आयु के वरिष्ठ नागरिकों को राज्य सीमा में यात्रा करने पर 30 प्रतिशत छूट को बढ़ाकर 50 प्रतिशत किया। नई बसें आने से कई धार्मिक स्थानों पर बसें शुरू की गईं। गोवर्धनजी, सालासर बालाजीधाम, रामदेवरा, श्रीनाथजी, श्री करणी माता, कैलादेवी माता के लिए एसी बसें शुरू की गईं। ग्रामीण क्षेत्रों यात्रियों की सुविधा के लिए ‘आपणी बस-राजस्थान रोडवेज’ की शुरुआत की। वर्ष 2024-25 में रोडवेज बसों में सर्वकालिक उच्चतम यात्रीभार 99.3 प्रतिशत अर्जित किया। “अनुबंध पर ली जा रहीं नई बसों के लिए टेंडर जारी कर दिया है। जल्द फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। इनके आने के बाद बसों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। लोगों को सुविधा मिलेगी।” -पुरुषोत्तम शर्मा, एमडी रोडवेज
