भास्कर न्यूज | बालोतरा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शहर के रेलवे स्टेशन का तेजी से पुनर्विकास किया जा रहा है। करीब 19 करोड़ रुपए की लागत से स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। पुनर्विकास कार्यों में मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण 95 फीसदी तक पूरा हो चुका है। निर्माण एजेंसी की ओर से दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक रेलवे प्रशासन को हैंडओवर कर दिया जाएगा। रेलवे विभाग आगामी 50 साल में बढ़ती आबादी क्षेत्र व सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का निर्माण करवा रहा है, इन स्टेशन को सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। जहां मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, नए शौचालय, पेयजल व्यवस्था, प्लेटफॉर्म शेल्टर, बिजनेस डवलपमेंट यूनिट कक्ष, महिला व पुरुष यात्रियों के लिए अलग-अलग वेटिंग रूम सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। बालोतरा में पुराने स्टेशन की इमारत को हटाकर नया भवन बनाया गया है। इस नए भवन का 95 फीसदी काम पुरा हो गया है। जोधपुर मंडल में बन रहे नए स्टेशनों पर रेल मंत्रालय की पहल पर पहली बार प्रतीक्षालय कक्ष में स्थानीय क्षेत्र की कला, संस्कृति व धार्मिक महत्ता को खूबसूरत पेंटिंग से उकेरा जा रहा है, इससे स्टेशन पर पहुंचने वाले बाहरी यात्रियों को स्थानीय संस्कृति के बारे में जानकारी मिल सके। स्टेशन पर बने नए भवन में मारवाड़ी संस्कृति व लोककला से ओतप्रोत पेटिंग्स बनाई गई है। साथ ही प्रसिद्ध माता राणी भटियाणी मंदिर, पाबूजी की फड़ सहित धार्मिक स्थलों का चित्रण किया गया है। योजना के तहत डाक बंगला के समीप पूर्व में संचालित हो रहे मुख्य स्टेशन के भवन को हटाकर नया तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए समदड़ी रोड पर मुख्य स्टेशन बनाया जा रहा है, यहां पर रेलवे की पर्याप्त जमीन उपलब्ध होने से पार्किंग व भवन के लिए माकूल जगह है। इस पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मुख्य स्टेशन का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। वर्तमान में स्टेशन का 95 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। दिसंबर माह के अंत तक स्टेशन का काम पूरा कर रेलवे को हैंडओवर किया जाएगा। यहां पर दुपहिया-चार पहिया वाहनों की पार्किंग, अत्याधुनिक सुविधायुक्त प्रतीक्षालय, स्वचालित सीढ़ियां, टिकट खिड़की, रिजर्वेशन कक्ष आदि का कार्य अंतिम चरण में है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माण कार्य जारी है। समदड़ी रोड की तरफ बनने वाले मुख्य स्टेशन पर पार्किंग के साथ ही टिकट खिड़की, विश्राम गृह आदि का कार्य पूरा हो गया है। शहर में पूर्व में बना मुख्य स्टेशन डाक बंगला के पास स्थित है। गत दो दशक में बढ़ी आबादी व बाजार के विस्तार व ओवरब्रिज बनने के बाद सबसे व्यस्ततम मार्ग संकरा होने से आवाजाही मुश्किल हो गई थी। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर रिक्शा चालकों व यात्रियों के वाहनों को खड़ा करने से ट्रेनों की आवाजाही के दौरान जाम की स्थिति बन जाती है। इसे देखते हुए अमृत भारत स्टेशन के तहत समदड़ी रोड पर रेलवे की उपलब्ध पर्याप्त जगह पर मुख्य स्टेशन बनाया गया। यहां पर प्रवेश व निकासी के अलग-अलग द्वार के साथ ही दुपहिया व चार पहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा होने से यातायात की समस्या से निजात मिलेगी। ^काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। अगले पंद्रह से बीस दिनों के अंदर फिनिशिंग का कार्य पूरा होते ही पूरे प्रोजेक्ट को विभाग को हैंडओवर कर दिया जाएगा। – भरतसिंह, साइट इंचार्ज, कार्यकारी एजेंसी
