यमुनानगर में विदेश भेजने का झांसा देकर दो युवकों से 1 लाख 89 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर वीज़ा एजेंसी से जुड़े दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटेल नगर यमुनानगर निवासी धीरज चावला और गांव उधमगढ़ निवासी सुनील ने यमुनानगर सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2024 में सोशल मीडिया के जरिए उनका संपर्क मनदीप सिंह और मनसीरत ग्रेवाल से हुआ था, जो एससीओ-7, फेस-5, तीसरी मंजिल, वीज़ा स्टैट मोहाली (साहिबजादा अजीत सिंह नगर) में एजेंसी चलाते हैं। कम खर्च में विदेश भेजने का दावा आरोपियों ने कम खर्च में विदेश भेजने और वहां काम दिलाने का दावा किया। दोनों पीड़ित पुर्तगाल जाना चाहते थे, जिसके लिए प्रति व्यक्ति साढ़े तीन लाख रुपये मांगे गए। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में फाइल और कागजात के नाम पर 5 हजार रुपये लिए और असल पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर कार्ड सहित अन्य दस्तावेज और फोटो अपने पास रख लिए। इसके बाद 9 जून 2024 को 1 लाख 60 हजार रुपये नकद लिए गए, जिसका एग्रीमेंट भी कराया गया। इसके अलावा पीसीसी के लिए 16 हजार और मेडिकल के लिए 13 हजार रुपये भी वसूले गए। आरोपियों ने दिसंबर 2024 तक विदेश भेजने का भरोसा दिया, लेकिन तय समय बीतने के बावजूद न तो वीज़ा लगा और न ही विदेश भेजा गया। रकम वापिस मांगने पर जान से मारने की धमकी पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने मई 2025 तक का समय लिया और कुछ कोरे कागजातों पर हस्ताक्षर भी करवा लिए। बाद में अगस्त 2025 तक पैसे लौटाने का वादा किया गया, लेकिन रकम वापस नहीं की गई। उल्टा आरोपियों ने झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने कहा कि तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
