प्रदेश में शनिवार को कुछ इलाकों में कोहरा छाया रहा। आने वाले दिनों में कोहरा और तेज होगा। इससे विजिबिलिटी प्रभावित होगी। मौसम विभाग की माने तो 23 दिसंबर से प्रदेश में कुछ इलाकों में घने कोहरे की स्थिति बनेगी। शनिवार को तापमान में उतार चढ़ाव का दौर जारी रहा। सबसे कम तापमान फतेहपुर और डूंगरपुर में 5.4 और सीकर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर मेंं न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दिन 20 शहरों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। अभी दो दिन राहत के बाद 23 दिसंबर से उत्तरी हवाएं प्रभावी होगी। इससे कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में 22 दिसंबर तक बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान में 1-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 23 दिसंबर से अचानक मौसम में बदलाव आएगा। उत्तरी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इससे सर्दी तेज होगी। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। इस दौरान 23-24 दिसंबर को राज्य के पश्चिमी व उत्तरी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा दर्ज होने की संभावना है।
