डेराबस्सी हाईवे पर देर रात यूपी-बिहार जाने वाली एक बस पर हमला हुआ। कार सवार करीब आधा दर्जन से अधिक युवकों ने तलवारों, डंडों और लोहे की रॉड से बस के शीशे तोड़ दिए और ड्राइवर-कंडक्टर पर हमला कर दिया। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना आदर्श नगर के सामने हाईवे पर हुई, जब दो बसें खड़ी थीं। हमलावरों ने अचानक पहुंचकर बसों पर ताबड़तोड़ हमला किया। एक बस के ड्राइवर और कंडक्टर को निशाना बनाया गया, जबकि दूसरी बस सवारियों सहित अंबाला की ओर भागने में सफल रही। घटना के 4 PHOTOS…. ड्राइवर-कंडक्टर घायल हमले में बस ड्राइवर शाहरुख त्यागी और कंडक्टर परवेश घायल हो गए। परवेश की बांह पर गंभीर चोट आई है। दोनों को तुरंत डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने इन्हीं बसों को मोहाली के केएफसी के पास भी रोकने की कोशिश की थी, लेकिन बस वहां से निकल गई थी। प्रारंभिक जांच में बस ऑपरेटरों के बीच पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। घायल ड्राइवर शाहरुख त्यागी ही बस का मालिक बताया गया है। सवारियों को भी हल्की चोटें आई घटनास्थल पर कांच के टुकड़े बिखरे मिले और कुछ सवारियों को भी हल्की चोटें आईं, जो बाद में दूसरी बस से रवाना हो गईं। एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “हमले में बस का शीशा टूट गया और ड्राइवर-कंडक्टर घायल हुए हैं। बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।”