मोहाली के ढकोली इलाके में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। लोगों ने घेरकर कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। यह हादसा गुरु नानक एनक्लेव मार्केट के पास ओल्ड अंबाला-कालका रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, कार ओल्ड अंबाला-कालका रोड से गुरु नानक एनक्लेव की ओर जा रही थी। कार चालक ने पहले सड़क पार कर रहे युवक अनिल गर्ग को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। उसे एक रेहड़ी वाले ने किसी तरह सड़क से हटाया। गुस्साए लोगों ने घेरकर पकड़ा इसके बाद हादसे के बाद कार चालक भागने की कोशिश में तीन और लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। उसने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मारी, जिससे वाहन चालक को हल्की चोटें आईं। गुस्साई भीड़ ने कार चालक को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। ढकोली पुलिस टीम ने पहुंचकर कार चालक को हिरासत में ले लिया। कार चालक गिरफ्तार घायल हुए चारों लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि कार चालक पीयूष कोहली के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। घायल लोगों के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं।