मोहाली जिले के बलटाना में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर बढ़ गया है। सोमवार देर रात सैनी विहार फेस-1 में कुत्तों के एक झुंड ने एक बुजुर्ग महिला और एक युवक पर हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कुत्तों ने उनके पैरों में कई जगह काटा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार, सैनी विहार फेस-1 निवासी मीना रानी अपने 18 साल के रिश्तेदार केशव के साथ एक परिचित के घर हुई मौत की सूचना पर बाहर निकली थीं। रात करीब 11 बजे जैसे ही वे कॉलोनी से बाहर पहुंचे, आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उन्हें घेर लिया और अचानक हमला कर दिया। आस पास के लोगों ने बचाया दोनों कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कुत्तों ने उनके पैरों पर हमला कर दिया। उनकी चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लाठियों की मदद से कुत्तों को भगाकर उन्हें बचाया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बलटाना इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रात के समय इनका आतंक इतना बढ़ जाता है कि लोग घर से बाहर निकलने से डरते हैं। पहले भी कई बार बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर इन कुत्तों के हमले का शिकार बन चुके हैं, लेकिन नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। निवासियों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि न तो कुत्तों की नसबंदी का काम हो रहा है और न ही उन्हें रिहायशी इलाकों से हटाया जा रहा है। लोगों ने प्रदर्शन करने दी चेतावनी दी लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में, नगर परिषद जीरकपुर के सेनेटरी इंस्पेक्टर रंजीत सिंह ने बताया कि नसबंदी का काम पहले चल रहा था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया के चलते पिछले दो महीने से रुका हुआ है। नया टेंडर मुख्यालय भेजा गया है और उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक इसे मंजूरी मिल जाएगी, जिसके बाद काम दोबारा शुरू हो सकेगा।
