जीरकपुर के रमाडा होटल में हेरोइन का सेवन करते एक दंपती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। होटल के कमरा नंबर-112 में महिला बेहोशी की हालत में मिली थी, जिसके बाद होटल स्टाफ की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। रविवार देर रात होटल कर्मचारियों ने कई बार बेल बजाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी। पीसीआर टीम के एएसआई रजिंदर सिंह सबसे पहले मौके पर पहुंचे, जिसके बाद ड्यूटी अफसर एएसआई सुलक्षण सिंह पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर कमरे में प्रवेश किया तो महिला बेहोश मिली। तलाशी के दौरान पुलिस को कमरे से लाइटर, इस्तेमाल किए गए फॉयल पेपर और सिगरेट की खाली डिब्बियां बरामद हुईं। पूछताछ में दंपती ने हेरोइन का सेवन करने की बात कबूल की। पुलिस ने गिरफ्तार किया गिरफ्तार दंपती की पहचान आदित्य (27) और भावना (28) निवासी हाइलैंड पार्क, जीरकपुर के रूप में हुई है। ये मूल रूप से गुरुग्राम के सोहना रोड के रहने वाले हैं। आदित्य रियल एस्टेट कंपनी में कार्यरत है, जबकि भावना एमएससी केमिस्ट्री के बाद पीएचडी कर रही है। उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले प्रेम विवाह किया था। प्राथमिक पूछताछ में दंपती ने बताया कि आदित्य के पिता का इलाज जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जिसके कारण वे शहर में आए थे और रमाडा होटल में ठहरे थे। केस दर्ज दंपती का डोप टेस्ट सिविल अस्पताल डेराबस्सी में कराया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। आरोपियों के खिलाफ थाना जीरकपुर में NDPS एक्ट की धारा 27, 61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नशा कहां से लाया गया था। इसके लिए होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और किसी स्थानीय सप्लायर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों को सोमवार को डेराबस्सी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
