अलवर में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट में स्पार्किंग के कारण उसके पास रखी पेट्रोल से भरी बोतल में ब्लास्ट हो गया। चार्जिंग पर लगा मोबाइल युवक के हाथ में था। विस्फोट के कारण आग लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना नौगांवा कस्बे की शनिवार रात 9 बजे की है। युवक का अलवर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हॉस्पिटल के डॉ. रविंद्र चौधरी ने बताया- मरीज की छाती, गर्दन और शरीर का ऊपर का कुछ हिस्सा करीब 40 प्रतिशत झुलसा है। चार्जिंग पर लगा था मोबाइल, युवक कर रहा था इस्तेमाल हादसे में झुलसा नौगांवा निवासी पंकज जाटव (22) कपड़े की दुकान करता है। पंकज की मां ललिता ने बताया- पंकज अपनी दादी के पास रहता है। दोस्त के कहने पर वह बोतल में पेट्रोल लेकर आया था। दोस्त को पेट्रोल देना था। उसने बोतल को कमरे में चार्जिंग पॉइंट के पास ही रख दिया। फिर वह खाना खाने लग गया। मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था। इस बीच वह मोबाइल भी इस्तेमाल कर रहा था। तभी अचानक पेट्रोल की बोतल में धमाका हुआ और आग लग गई, जिससे उसका आधा शरीर झुलस गया। एक्सपर्ट बोले- पेट्रोल उड़कर चिंगारी के संपर्क में आया हो अलवर पॉलिटेक्निक कॉलेज के एचओडी (इलेक्ट्रिकल) राजवीर सिंह ने बताया- चार्जिंग के दौरान करंट फ्लो होता रहता है। इस मामले में हो सकता है कि पेट्रोल की बोतल में छोटा-मोटा लीकेज हो या ढक्कन लूज होने पर पेट्रोल उड़कर बाहर आ रहा हो। ऐसा होने पर पेट्रोल चिंगारी तक पहुंच जाता है। उसके बाद तेजी से आग पकड़ लेता है। लोगों को पेट्रोल जैसा ज्यादा ज्वलनशील पदार्थ कैरी नहीं करना चाहिए।