मोगा पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। निहाल सिंह वाला पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन, दो देसी पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और एक आई20 कार बरामद की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशे और हथियारों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। डीएसपी निहाल सिंह वाला अनवर अली ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बस अड्डा निहाल सिंह वाला के पास मुखबिर से सूचना मिली कि अमनदीप सिंह उर्फ उपल, गुरप्रीत सिंह उर्फ धोनी और रविीर सिंह ग्रे रंग की आई20 कार में दाना मंडी क्षेत्र में घूम रहे हैं। उनके पास हेरोइन और अवैध हथियार होने की सूचना थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने की छापेमारी सूचना के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापेमारी कर तीनों को काबू कर लिया। कार की तलाशी लेने पर 400 ग्राम हेरोइन, 32 बोर के दो देसी पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने कार को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में थाना निहाल सिंह वाला में 27 अगस्त को एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ उपल, गुरप्रीत सिंह उर्फ धोनी और रविीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ में हेरोइन और हथियारों के स्रोत तथा इन्हें आगे सप्लाई करने वालों की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है।