मोगा जिले की धर्मकोट पुलिस ने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी इंद्रजीत सिंह उर्फ सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 13 फरवरी 2026 को हुई। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया रिवॉल्वर और कारतूस भी बरामद किए हैं। डीएसपी धर्मकोट जसवरिंदर सिंह ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को अगवाड़ सिद्धूआं निवासी गुरमेज सिंह ने पुलिस को बयान दिया था। उनके भाई भरपूर सिंह के घर इंद्रजीत सिंह उर्फ सोनी का आना-जाना था। घटना वाले दिन सोनी घर में दाखिल होकर रसोई में चला गया। कुछ देर बाद दो गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। परिजनों के रसोई में पहुंचने पर भरपूर सिंह को गोली लगी हुई मिली और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। आरोपी रिवॉल्वर सहित मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर लछमन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। आरोपी के पास से रिवॉल्वर बरामद पुलिस ने 13 फरवरी 2026 को आरोपी इंद्रजीत सिंह उर्फ सोनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया .32 बोर का लाइसेंसी रिवॉल्वर, दो खाली खोल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। डीएसपी जसवरिंदर सिंह के अनुसार, यह कार्रवाई निलांबरी जगदले (आईपीएस, आईजी फरीदकोट रेंज) और अजे गांधी (आईपीएस, एसएसपी मोगा) के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है।