मोगा सिटी साउथ पुलिस ने लूटपाट करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में मुकदमा नंबर 120 के तहत धारा 304 बी.एन.एस. के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हैप्पी सिंह उर्फ पोपला सिंह और जगदीप सिंह उर्फ जग्गू के रूप में हुई है। थाना प्रभारी गुरविंदर भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि करमजीत कौर पत्नी विशाल कुमार निवासी सरदार नगर, मोगा ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5 बजे वह अपने घर के पास मौजूद थीं। इसी दौरान हीरो मोटरसाइकिल पर आए तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया था। मोबाइल के कवर में उनका आधार कार्ड भी रखा हुआ था। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस ने छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में शामिल तीसरे आरोपी अनमोलदीप सिंह उर्फ सन्नी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि गिरफ्तार आरोपी 20 मार्च 2026 को दर्ज एक अन्य मामले में भी शामिल थे, जिसमें शेखा चौक इलाके से एक महिला का मोबाइल फोन छीना गया था। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
