धर्मकोट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी लखविंदर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को शाम करीब 7:30 बजे गांव जलालाबाद पूर्वी के इलाके में की गई। थाना धर्मकोट की टीम गश्त पर थी, तभी उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक नशीले पदार्थ के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी से पूछताछ जारी आरोपी की पहचान नूरपुर हकीमां निवासी जसपाल सिंह उर्फ पालू पुत्र जगतार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने जसपाल सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जांच अधिकारी लखविंदर सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ताकि हेरोइन के स्रोत और इसमें शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दोहराया कि इलाके में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।