मोगा की खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर में बुधवार को विशेष अभियान चलाकर खाने-पीने की वस्तुओं की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की जांच के तहत कई दुकानों के चालान काटे। टीम ने मोगा के मेन बाजार से लेमन सोडा के दो सैंपल लिए। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करते हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक के आदेश पर चलाया अभियान पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निदेशक और सिविल सर्जन मोगा डॉ. रमणदीप सिंगला के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। डॉ. संदीप सिंह के साथ नगर निगम के मुख्य सेनेटरी इंस्पेक्टर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश गोयल के साथ मिलकर अकालसर रोड, बंद फाटक और अमृतसर रोड पर स्थित मीट की दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्ती, अभियान जारी रहेंगे जांच के दौरान, कुछ मीट दुकानों में गंदगी और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद अस्वच्छ परिस्थितियों के लिए चार चालान काटे गए और मीट दुकान मालिकों को तुरंत सुधार करने के निर्देश देते हुए सुधार नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे स्वच्छता, सही भंडारण और खाद्य पदार्थों, विशेषकर मांस जैसी जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं की सुरक्षित हैंडलिंग सुनिश्चित करें। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि इस तरह के जांच अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
