मोगा में कोटईसेखां रोड पर सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय सोनू कुमार, निवासी गुरुद्वारा बीबी वाला, पुराना मोगा, अपने दोस्त किरणदीप सिंह के साथ वालिया पैलेस में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। देर रात दोनों स्कूटी पर सवार होकर मोगा लौट रहे थे। गांव गगड़ा के नजदीक पहुंचने पर अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े। गड्ढे में गिरने से हुई मौत प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के दौरान किरणदीप सिंह सड़क के दूसरी ओर जा गिरा, जबकि सोनू कुमार स्कूटी सहित सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में गिरने से सोनू कुमार को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल किरणदीप सिंह को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी नछत्तर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्कूटी का संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा होना सामने आया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
