मोगा जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने चार नशा तस्करों को अरेस्ट किया है। आरोपियों के पास से हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद हुई है। बधनी कलां थाने के एएसआई संतोष सिंह अपनी टीम के साथ बधनी कलां स्थित गोशाला के पास गश्त पर थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 7 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी की पहचान बधनी कलां निवासी लखवीर सिंह उर्फ गोरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/61/85 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इसके अलावा कोटईसे खां पुलिस ने 6 ग्राम हेरोइन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एएसआई चरणजीत सिंह अपनी टीम के साथ दाना मंडी, मनावां क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान निशान सिंह उर्फ शाना निवासी गांव दौलेवाला के रूप में हुई है। नशीली गोलियों के साथ पकड़ा तस्कर वहीं, थाना सिटी साउथ के प्रभारी ने बताया कि पुलिस पार्टी जवाहर नगर स्थित पीमार्का फैक्ट्री के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नशीले पदार्थों की सप्लाई में शामिल हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापा मारा और दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। उनकी तलाशी लेने पर 42 नशीली गोलियां और 5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान लवली उर्फ भोलू उर्फ इंदर निवासी इंदिरा कॉलोनी मोगा, और संजय शर्मा उर्फ सागर निवासी गोबिंदगढ़ बस्ती, मोगा के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22/61/85 के तहत मामला दर्ज किया है।
