नाथद्वारा में पुलिस ने मॉर्च्युरी के पास बने खेत में 6 युवकों को खुदाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि एक युवक को सपना आया था कि खेत में सोना है। ऐसे में, उसने अपने साथियों को फावड़ा, गेती और तगारी लेकर खुदाई करने बुला लिया। पुलिस अचानक गश्त पर पहुंची और इको कार खड़ी देखी ड्राइवर भागने लगा। पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से 6 को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मॉर्च्युरी के पास खड़ी नजर आई इको वैन श्रीनाथजी मंदिर थाना प्रभारी विक्रम सिंह के अनुसार 6 मार्च की रात करीब 12.23 बजे वे पुलिस जाब्ते के साथ रात्रि गश्त पर थे। इस दौरान आरके हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के पास खड़ी एक इको वैन नजर आई। पुलिस को देखकर ड्राइवर अचानक कार भगाने लगा। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवाया और उससे पूछताछ की। आसपास सर्च किया तो बाकी युवक भी मिले पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि उसके तीन-चार साथी मॉर्च्युरी के पास खेत में है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां गेती, फावड़ा और तगारी पड़ी हुई मिली। साथ ही खेत में खुदाई के निशान भी दिखाई दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाकर आसपास तलाशी ली गई और संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की गई। खेत में सोना गड़ा होने का सपना पूछताछ के दौरान युवकों में से किशन लाल माली ने बताया कि उसे सपना आया था कि अस्पताल के पास एक खेत में सोना गड़ा हुआ है। इसी सपने के आधार पर उसने अपने दोस्तों को नाथद्वारा बुलाया और सभी रात में खेत में खुदाई करने पहुंच गए।