भास्कर न्यूज |लुधियाना मॉडल टाउन इलाके में एक मेडिकल शॉप पर दवाई लेने का बहाना बनाकर मोबाइल चोरी करने का मामला सामने आया है। यह घटना 4 नवंबर रात करीब 11:15 बजे गुर आशीष मेडिकल पर हुई। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि एक शख्स दुकान के बाहर काफी देर तक खड़ा होकर भीड़ के कम होने का इंतजार करता है। जैसे ही दुकान के अंदर मौजूद नाबालिग लड़का अकेला रह जाता है, आरोपी भीतर आ जाता है और फोन पर दवाई पूछने का नाटक करता है। वह बातों में उलझाकर मौके का फायदा उठाता है। जैसे ही नाबालिग दवाई लेने के लिए पीछे की तरफ मुड़ता है, आरोपी काउंटर पर रखा मोबाइल उठाकर भाग निकलता है और अंधेरे में गुम हो जाता है। सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस हरकत में आई है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश जारी है।
