नमस्कार बारां में अंता उपचुनाव के रिजल्ट से पहले नरेश मीणा ने ससुराल में सालों से पैर दबवाए। मोरपाल सुमन बयान देने की प्रैक्टिस करते दिखे। भायाजी घोड़ी पर चढ़े। उधर, फलोदी में ASP मंदिर में भजन गाते दिखे। भरतपुर रोडवेज डिपो में महिला अधिकारी ने साथी पुरुष अधिकारी की मांग भर दी। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में… 1. नरेश मीणा ने दबवाए पैर.. बारां के अंता में आज रिजल्ट का दिन। इससे पहले वोटिंग के बाद मैदान में पूरी ताकत झोंक चुके नेताओं के कई वीडियो सामने आए। एक वीडियो में प्रमोद जैन भाया सजी-धजी घोड़ी पर बैठते दिखे। किसी समर्थक ने रील बना दी। बैकग्राउंड में डायलॉग- अपने हाथ में मेहनत है बस। दुनिया के तानों का फैसला वक्त करेगा। फिर हम बताएंगे दोस्त कौन किस पर भारी पड़ेगा। मोरपाल सुमन का भी एक वीडियो सामने आया। जिसमें वे बयान देने की प्रैक्टिस कर रहे हैं। कैमरे के सामने पढ़कर बोल रहे हैं- मेरे नाम से किसी ने फर्जी आईडी बना रखी है। जान बूझकर ये माहौल गंदा करने की कोशिश कर रहे हैं। ये बौखला गए हैं। स्क्रिप्ट पूरी होने के बाद मोरपालजी आस-पास बैठे सहायकों से पूछ रहे हैं- ये बौखला गए हैं- यही? एक वीडियो नरेश मीणा का आया। जिसमें वे गद्दे पर लेटे हुए हैं। आसपास समर्थक जमा हैं। दो युवक पैर दबा रहे हैं। नरेश मीणा ने पैर दबाने वालों से कहा- मैं सोऊं तो सुबह तक यहीं मिलना। छोड़कर भाग गए तो देखना। वीडियो बना रहा युवक पैर दबा रहे लड़कों से कहता है- जनक्रांति में आपका यही सहयोग है। नरेश मीणा कहते हैं- ये मेरे साले हैं इसलिए दबा रहे हैं। 2. ASP ने संभाला हारमोनियम, गाया भजन.. फलोदी का सट्टा बाजार काफी प्रसिद्ध रहा है। राजनीतिक भविष्यवाणी हो या व्यापार की। फलोदी सट्टा बाजार पर भरोसा जताया जाता है। माहौल चुनावी है लेकिन यहां फलोदी का जिक्र चुनावी सट्टे के लिए नहीं, बल्कि ASP महोदय के गायन के कारण है। ASP ब्रजराज सिंह चारण का वीडियो खूब चल रहा है। बताया जा रहा है कि वीडियो जिले के सुवाप गांव में करणी माता मंदिर का है। साहब फुल वर्दी में हैं। जमीन पर पालथी मारकर बैठे हैं। सामने हारमोनियम है। जुबान से करणी माता की भक्ति का ऐसा भाव बह रहा कि मौजूद इक्का-दुक्का लोग मंत्रमुग्ध हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर आया तो कई यूजर्स में भी खूब तारीफें की। 3. जयपुर में सिक्योरिटी पर सवालिया निशान.. जयपुर में ट्रैफिक पुलिस और अभय कमांड को लेकर सवाल उठाते दो वीडियो काफी शेयर किए जा रहे हैं। पहला वीडियो न्यू सांगानेर रोड का बताया जा रहा है। दावा है कि ट्रैफिक पुलिस के फ्लाइंग दस्ते ने नो पार्किंग से बाइकें उठाई। इस बाइकों को तय स्थान पर ले जाने के दौरान दस्ते के कर्मचारी बाइक से बैटरी की चोरी कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी के पीछे चल रहे एक युवक ने कर्मचारियों का वीडियो बनाया। दूसरा वीडियो सांगानेर इलाके में एयरपोर्ट रोड का है। एक युवक को सड़क पर लड़की की पिटाई करता लड़का दिखा। उसने अभय कमांड 112 पर डायल कर शिकायत की। दावा है कि काफी देर तक उसे पीसीआर का इंतजार करना पड़ा। वीडियो के अंत में युवक ने जयपुर की सुरक्षा पर सवाल उठाया। 4. चलते-चलते.. रोडवेज डिपो में साहब-मैडम फुरसत में हैं। विभाग घाटे में चल रहा है। लेकिन चल तो रहा है इतना काफी है। कार्यालय में वक्त ही नहीं कटता। तो साहब क्या करें। सहायक प्रशासनिक अधिकारी साहिबा ने तरकीब निकाली। उन्होंने अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी की साज-सज्जा का बीड़ा उठाया। लिपस्टिक लगाई। मांग भरी। चुनरी ओढ़ाई। साहब चौकड़ी बांधकर बैठे रहे। तस्वीर का तीसरा किरदार वह, जो वीडियो बना रहा है। वह भी फुरसत में। साज-सज्जा से उत्साहित साहब ने कुर्सी से उठकर जोरदार डांस कर दिया। डांस ही नहीं किया। खुद गाना भी गाया- परदेसिया, ये सच है पिया, लोग कहते हैं मैंने तुझको दिल दे दिया। उच्च अधिकारियों ने नाचने और मांग भरने वाले दोनों अधिकारियों को APO कर दिया। अब साहब ने सफाई दी है कि वीडियो पुराना है। साथी कर्मचारी ने गबन की शिकायत का बदला लेने के लिए अब शेयर किया। वीडियो देखने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…
